बरगी बांध के, पांच गेट खोले गए

जबलपुर। लगातार हो रही बारिश और कैचमेंट एरिया से पानी की तेज आवक के चलते बांध का जलस्तर बढ़ने लगा है। जलभराव की स्थिति और खतरे के निशान को देखते हुए बांध प्रशासन ने गुरुवार सुबह 11 बजे बांध के पांच गेट डेढ़ मीटर की ऊंचाई तक खोल दिए। बांध में जलभराव क्षमता 97.18 प्रतिशत तक पहुंच चुकी थी। गेट खुलने के बाद नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ गया है।बांध प्रबंधन के मुताबिक वर्तमान में कैचमेंट एरिया से करीब 4215 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। पानी की आवक की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर बांध के गेटों की संख्या और ऊंचाई बढ़ाई या घटाई जा सकती है। प्रबंधन लगातार जलस्तर और पानी की आवक पर निगरानी बनाए हुए है।बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के तटों पर पानी का स्तर बढ़ गया है। बांध प्रबंधन और प्रशासन ने लोगों को नदी के तट और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से जलस्तर बढ़ने वाले क्षेत्रों में लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।गौरतलब है कि इससे पहले भी बांध के कैचमेंट एरिया में पानी की आवक बढ़ने पर प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 13 गेट तक खोले थे। बाद में पानी की आवक कम होने पर गेटों की संख्या घटाकर नौ की गई। इसके बाद क्रमशः पांच गेट खोले गए और पानी की आवक और कम होने पर गेट बंद कर दिए गए थे। अब एक बार फिर जलस्तर और आवक बढ़ने के कारण पांच गेट खोले गए हैं।