जबलपुर। शहर में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। रांझी, गोरखपुर और माढ़ोताल थाना क्षेत्रों में ठगों ने ऑनलाइन टास्क, शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे और व्हाट्सएप पर भेजी गई एपीके फाइल के जरिए लोगों को निशाना बनाया। तीनों मामलों में पीड़ितों से कुल करीब 5 लाख 3 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायतों पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑनलाइन टास्क के नाम पर ठगी……..
रांझी थाना क्षेत्र के टाइप सेक्टर-2, व्हीएफजे निवासी 45 वर्षीय राखी तोमर ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दोस्त ने उन्हें एनटीएल कंपनी में काम करने के संबंध में बताया था। इसके बाद उन्होंने कंपनी के व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया। एलिजा नाम की महिला ने उन्हें एनटीएल एप डाउनलोड करवाकर ऑनलाइन टास्क देना शुरू किया। टास्क पूरा करने पर रकम बढ़ाकर देने का झांसा दिया गया।
इसके बाद अलग-अलग लिंक भेजकर उनसे 21 हजार, 21 हजार, 13 हजार 300, 7 हजार रुपये समेत कई बार रकम ट्रांसफर कराई गई। 29 जुलाई और 30 जुलाई के अलावा 4 और 5 अगस्त को भी भुगतान कराया गया। कुछ समय बाद कंपनी का व्हाट्सएप ग्रुप अचानक डिलीट हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उससे कुल 1 लाख 22 हजार 710 रुपये की ठगी की गई। रांझी पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 3.34 लाख हड़पे……
गोरखपुर थाना क्षेत्र में बिहार निवासी आशीष रंजन (28), जो वर्तमान में गुप्तेश्वर स्थित भारतीय जन औषधि केंद्र में कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार 16 जनवरी 2026 को एल्युमीनियम केपीटल कंपनी के व्हाट्सएप नंबर से संपर्क किया गया और शेयर ट्रेडिंग में अधिक रिटर्न का झांसा देकर निवेश के लिए तैयार किया गया।
शुरुआत में अधिक लाभ दिखाकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों से कई बार में कुल 3 लाख 34 हजार रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में उन्हें ठगी का पता चला। गोरखपुर पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के निमंत्रण की एपीके फाइल खोलना पड़ा महंगा……
माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ग्रीन सिटी निवासी जितेंद्र सिंह खंगार (33) ने शिकायत में बताया कि 17 से 19 अगस्त के बीच उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए फिलिप कार्ड ग्रुप की लिंक आई। लिंक के साथ शादी के निमंत्रण की एपीके फाइल भेजी गई थी। उन्होंने लिंक खोल दी, जिसके बाद उनके जियो पेमेंट बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खातों से चार बार में कुल 46 हजार 97 रुपये निकाल लिए गए।
माढ़ोताल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।