जबलपुर। उड़ीसा से ट्रेन के जरिए गांजा लाकर जबलपुर में खपाने की तैयारी कर रहे दो युवकों को क्राइम ब्रांच और खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 12 किलो 766 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपए बताई गई है, बरामद हुआ। गांजा दो बैगों में सात पैकेट बनाकर रखा गया था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल सुजुकी एक्सिस स्कूटी भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को क्राइम ब्रांच और खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक स्कूटी मोड़ने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम शिवम केशरवानी (32), निवासी रानीताल लिंक रोड, गढ़ा फाटक, लार्डगंज और पीछे बैठे युवक ने हर्षित केशरवानी (31), निवासी नारियल गली, नारियल मंडी, बड़ा फुहारा, लार्डगंज बताया।
बैग खोलते ही सामने आया गांजे का जखीरा
पुलिस ने स्कूटी के पैरदान में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग और नीले रंग के अमेरिकन टूरिस्टर बैग की तलाशी ली तो उनमें सात पैकेट मिले। जांच और तौल में इनसे कुल 12 किलो 766 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है।
उड़ीसा से ट्रेन में लेकर आए थे गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने संबलपुर, उड़ीसा में अज्ञात दुकानदारों से गांजा खरीदा था और उसे बैग में रखकर ट्रेन से जबलपुर लेकर आए थे। इसके बाद स्कूटी से गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस अब गांजे के सप्लायर और शहर में इसकी डिलीवरी लेने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है।आरोपियों के कब्जे से गांजा और परिवहन में इस्तेमाल सुजुकी एक्सिस क्रमांक MP 20 ZY 5832 जब्त कर थाना खमरिया में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क की अन्य कड़ियां खंगाल रही है।