20 अगस्त से प्रगति मैदान में स्पोर्ट इंडिया एक्सपो 2026

नई दिल्ली, । भारत के तेजी से विकसित हो रहे खेल एवं फिटनेस उद्योग को एक व्यापक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्पोर्ट इंडिया एक्सपो एवं कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन 20 से 22 अगस्त तक प्रगति मैदान, नई दिल्ली में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में देश-विदेश की खेल सामग्री निर्माता कंपनियों, रिटेलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, खेल संस्थानों, कोचिंग संस्थानों, फिटनेस एवं वेलनेस विशेषज्ञों तथा खिलाड़ियों की भागीदारी होगी।श्री पीयूष जैन, सचिव, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि 200 से अधिक प्रतिष्ठित ब्रांड और 1,000 से अधिक खेल उत्पादों, तकनीकों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। एक्सपो में स्पोर्ट्सवियर, खेल जूते, फिटनेस एवं जिम उपकरण, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन उपकरण, स्पोर्ट्स फ्लोरिंग, स्पोर्ट्स मेडिसिन, वेलनेस, एडवेंचर एवं मनोरंजन गतिविधियों से जुड़े उत्पाद प्रमुख आकर्षण होंगे।
आयोजन का प्रमुख आकर्षण 21 अगस्त को होने वाला स्पोर्ट इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026 होगा। सम्मेलन में खेल नीति, खेल प्रशासन, खेल शिक्षा, खेल विज्ञान, प्रतिभा पहचान, कोचिंग, खेल चिकित्सा, फिटनेस, खेल तकनीक, खेल निर्माण, खेल प्रबंधन और विश्वविद्यालयों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य खेल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विशेषज्ञों, खिलाड़ियों, कोचों, शिक्षाविदों और उद्योग प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर उनके बीच ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान कराना है।स्पोर्ट इंडिया एक्सपो युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर लेकर आ रहा है। खेल के क्षेत्र में अब खिलाड़ियों और कोचों के अलावा स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स साइंस, फिटनेस, फिजियोथेरेपी, स्पोर्ट्स मेडिसिन, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स मार्केटिंग, उपकरण निर्माण तथा डेटा एवं प्रदर्शन विश्लेषण जैसे क्षेत्रों में रोजगार और करियर की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।