बरगी बांध से सुबह 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा, नर्मदा घाटों पर 3 से 4 फीट बढ़ेगा जलस्तर

जबलपुर। बरगी बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने और बांध के जलभराव क्षेत्र में मौसम विभाग के वर्षा पूर्वानुमान को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बांध से पानी छोड़ने का निर्णय लिया है। 18 अगस्त की सुबह 11 बजे बरगी बांध के 9 जलद्वार खोले जाएंगे।सोमवार रात 8 बजे बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज किया गया। बांध में वर्तमान में 2674 एमसीएम यानी 84.08 प्रतिशत जल उपयोगी क्षमता उपलब्ध है, जबकि पानी की आवक 1620 क्यूमेक बनी हुई है।जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे बांध के 9 गेटों को औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खोला जाएगा। इन गेटों से करीब 1031 क्यूमेक पानी की निकासी की जाएगी। इससे मां नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों में जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना है।विभाग के अनुसार बांध में पानी की आवक की स्थिति को देखते हुए जल निकासी की मात्रा को कभी भी कम या बढ़ाया जा सकता है। सहायक यंत्री, बाढ़ नियंत्रण बरगी बांध ने आमजन से मां नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।