जबलपुर। हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी शेख आदिल को क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुख्यात छोटू चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य है और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में भी लिप्त था। उसकी गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। आरोपी पर थाना माढ़ोताल में अनिराज नायडू की हत्या और थाना ग्वारीघाट में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने यहां कंट्रोल रूम में पत्रकारों की चर्चा करते हुए बताया कि 17 अगस्त को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि फरार इनामी आरोपी शेख आदिल, थाना लार्डगंज क्षेत्र की भूलन बस्ती में एक मकान में छिपकर रह रहा है। सूचना पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसकी कमर से एक देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में चार कारतूस लोड थे।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर मकान से दो अन्य देशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर, तीन कट्टे, दो एयरगन, तलवार, बका और चाकू सहित बड़ी मात्रा में कारतूस और फायर किए गए खाली खोखे बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 23 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है।
हत्या के साथ हथियार सप्लाई का भी आरोप
पुलिस पूछताछ में शेख आदिल ने कथित तौर पर बताया कि वह छोटू उर्फ सुयश चौबे के कहने पर हथियार उपलब्ध कराने और बेचने के काम में शामिल था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अनिराज नायडू की हत्या में छोटू चौबे के कहने पर शामिल होने तथा रतन यादव पर गोली चलाने वाले आरोपियों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने की बात भी स्वीकार की है। इन बयानों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
आरोपी के फरारी के दौरान ठहरने और हथियार रखे होने को लेकर पुलिस ने शेखर चौबे, सुयश उर्फ छोटू चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
छोटू चौबे पर पहले ही लग चुका है NSA
पुलिस के मुताबिक शेख आदिल कुख्यात बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे के गिरोह का सक्रिय सदस्य है। संगठित आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए छोटू चौबे को करीब दो माह पहले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया था।