शहडोल। रेज़िंग एंड एक्सेलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (रैम्प) कार्यक्रम के अंतर्गत शहडोल में दो दिवसीय जागरूकता कार्यशाला एवं कैंप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के उद्यमियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराना एवं स्वयं सहायता समूहों के उद्यम पंजीयन ( फॉरमालाईजेशन) के साथ वित्तीय जागरूकता, व्यवसाय के औपचारिकीकरण, गुणवत्ता सुधार, बौद्धिक संपदा अधिकार तथा सतत व्यवसाय संचालन के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को संबोधित करते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपने व्यवसाय को व्यवस्थित एवं निरंतर विकसित करने का आह्वान किया।विशेष अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष लोहानी ने भी प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।