जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में जिले में हाई अलर्ट जारी रखते हुए संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मालगोदाम, बाजारों, प्रमुख चौराहों तथा अन्य बड़े सार्वजनिक स्थलों पर लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा टीमों द्वारा डॉग स्क्वॉड एवं बम डिस्पोजल टीम के साथ संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों की जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और उनके सामान की जांच के साथ विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जिले की सीमाओं एवं प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ पुलिस द्वारा होटल, लॉज और अन्य संवेदनशील स्थानों की भी जांच की जा रही है।
हालांकि, शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुछ थाना क्षेत्रों में पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई इलाकों में रात के समय तीन-तीन सवारियां लेकर युवक तेज रफ्तार में घूमते और शोर-शराबा करते नजर आ रहे हैं। ऐसे मामलों में थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और प्रभावी चेकिंग बढ़ाए जाने की आवश्यकता है।स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ थाना स्तर पर रात्रि गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रहना जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।