जबलपुर। खितौला थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी के बाद ऐशो-आराम की जिंदगी शुरू कर दी थी और चोरी की रकम से कारें खरीद ली थीं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 31 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी के पैसों से खरीदी गई अमेज व अल्टो कार जब्त की हैं।अंतरिक्ष पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनु बेनीवाल के अनुसार, पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जून की रात वह अपने परिवार के साथ साईं मंगलम कॉलोनी स्थित नए मकान में सोने चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे पालीवाल कॉलोनी स्थित किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य गेट और अलमारी के ताले टूटे मिले। घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी।
जांच के दौरान पुलिस को पनागर के भरदा पड़रिया गांव के रहने वाले अंकित पटेल, आकाश पटेल और शनि पटेल पर संदेह हुआ। जानकारी मिली कि तीनों के पास अचानक बड़ी रकम आ गई है और उन्होंने हाल ही में दो कारें खरीदी हैं। साथ ही वे चोरी के जेवर गिरवी रखने और बेचने की कोशिश भी कर रहे थे।
थाना प्रभारी चंद्रकांत झा के नेतृत्व में खितौला पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खितौला के सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के आभूषण, चोरी की रकम से खरीदी गई कारें तथा अन्य स्थानों से चोरी किए गए कुछ और सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।