मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव:राकेश सिंह भदौरिया ने कोटा पार कर दर्ज की जीत

जबलपुर, । मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव-2026 की मतगणना के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो गया है। हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुल वैध मतों के आधार पर 2,48,392 मत-मूल्य का कोटा निर्धारित किया गया था। इस कोटा को केवल एक प्रत्याशी राकेश सिंह भदौरिया ने पार किया, जिन्हें 3,31,400 मत-मूल्य प्राप्त हुए। इसके साथ ही उन्हें अनौपचारिक रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया गया है।निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस.के. पालो द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, श्री भदौरिया के निर्वाचित होने के बाद उनके सरप्लस वैल्यू (Surplus Value) का हस्तांतरण मतपत्रों पर अंकित द्वितीय वरीयता वाले प्रत्याशियों को नियमानुसार किया गया। निर्धारित गणना के अनुसार सरप्लस वैल्यू 25 रही। श्री भदौरिया को प्रथम वरीयता के 80 मतपत्र प्राप्त हुए थे, जिनके आधार पर द्वितीय वरीयता वाले प्रत्याशियों को 25 मत-मूल्य के अनुपात में हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

इसके बाद एलिमिनेशन राउंड की मतगणना शुरू हुई, जिसमें प्रत्याशी क्रमांक 95 रेखा बोरीवाल (इंदौर) एवं प्रत्याशी क्रमांक 17 अरुण सिंह (रीवा) का एलिमिनेशन किया गया। उनके मतपत्रों पर अंकित द्वितीय वरीयता के आधार पर मतों का हस्तांतरण किया गया।सरप्लस वैल्यू हस्तांतरण एवं दो प्रत्याशियों के एलिमिनेशन के बाद पुरुष प्रत्याशियों में राकेश सिंह भदौरिया, विवेक सिंह, आर.के. सिंह सैनी, नरेंद्र कुमार जैन और जय हाड़िया को बढ़त मिली।वहीं महिला प्रत्याशियों में प्रवीण तिवारी, अनु पटेल, प्रतीका पाठक, रेशिम ऋतु जैन और प्रतिमा वालिया बढ़त पर हैं। चुनाव की शेष मतगणना आगामी चरणों में जारी रहेगी।