स्टेशन पर चोरी के 3 मोबाइल बेचने आया शातिर गिरफ्तार

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के चोरी हुए मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे एक शातिर बदमाश को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई है। स्टेशन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 के कटनी छोर पर एक युवक चोरी के मोबाइल फोन बेचने की कोशिश कर रहा है।सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पंकज मेहरा उर्फ टीकू  निवासी बरमानकला, थाना सुआतला, जिला नरसिंहपुर बताया। जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बतायातलाशी के दौरान उसके पास से बिना सिम के तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें एक रियलमी नार्जो, एक रियलमी और एक वनप्लस का मोबाइल शामिल है। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 62 हजार रुपये आंकी गई है।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल जब्त कर लिए हैं। ई-रक्षक ऐप से की गई जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।