जबलपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अधारताल के धनी की कुटिया स्थित बेथल मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में आरटीओ की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सात वाहनों की पड़ताल में एक बस बिना वैध परमिट संचालित पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 55 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आरटीओ श्रीमती रिंकू शर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल परिसर में खड़े सात वाहनों के फिटनेस, बीमा, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक MP20ZS1613 के पास वैध परमिट नहीं मिला, जिसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया।मामले में स्कूल प्रबंधन ने परिवहन विभाग को लिखित आश्वासन दिया कि संबंधित वाहन का परमिट जल्द बनवाया जाएगा और तब तक उसका संचालन नहीं किया जाएगा। इसके बाद विभाग ने मौके पर ही 55 हजार रुपये का चालान वसूल कर कार्रवाई पूरी की।आरटीओ रिंकू शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्कूल वाहन को सड़क पर उतारने से पहले उसके सभी वैधानिक दस्तावेज पूर्ण और वैध होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।परिवहन विभाग का कहना है कि स्कूली वाहनों की औचक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो और विद्यार्थियों का सफर पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।