सीधी! जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के भेलकी गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां पर अपनी महज चार दिन की नवजात बेटी की पानी से भरे ड्रम में डुबोकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद वह मासूम को ढूंढ़ने और उसके शव को गोद में लेकर विलाप करने का नाटक करती रही, लेकिन पुलिस जांच में पूरा सच सामने आ गया।जानकारी के अनुसार भेलकी गांव निवासी पंकज पटेल की पत्नी सोनू पटेल (21) ने 26 जुलाई को चुरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बच्ची को जन्म दिया था। 28 जुलाई को मां-बेटी को अस्पताल से घर लाया गया और परिवार ने नवजात का नाम प्रिशा रखा।बताया जा रहा है कि जन्म के चार दिन बाद सोनू ने घर के बाथरूम में रखे पानी से भरे नीले ड्रम में मासूम को डुबो दिया। जब कुछ देर बाद बच्ची बिस्तर पर नहीं मिली तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान सोनू भी खोजबीन का दिखावा करती रही। आखिरकार घर के बाहर रखे ड्रम में नवजात का शव तैरता मिला, जिसे देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबने से दम घुटना बताया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रसव के बाद सोनू मानसिक रूप से परेशान थी और बच्ची के पालन-पोषण की चिंता में उसने यह कदम उठाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
रोने का नाटक भी किया
पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव मिलने के बाद सोनू ने किसी को शक न हो, इसलिए मासूम को गोद में लेकर रोने और मातम मनाने का भी नाटक किया। हालांकि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मामला खुल गया और उसके खिलाफ हत्या की कार्रवाई की गई।