जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल का जबलपुर मंडल रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अत्याधुनिक हॉट एक्सल बॉक्स डिटेक्टर (HABD) प्रणाली का तेजी से विस्तार करने जा रहा है। मंडल में पहले से नौ महत्वपूर्ण स्थानों पर यह तकनीक सफलतापूर्वक काम कर रही है और अब इसके बेहतर परिणामों को देखते हुए 50 नए संभावित स्थानों पर भी इसे स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
मंडल रेल प्रबंधक और पश्चिम मध्य रेल के प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के मार्गदर्शन में यांत्रिक विभाग इस परियोजना को आगे बढ़ा रहा है। HABD एक सेंसर आधारित आधुनिक प्रणाली है, जो चलती हुई रेलगाड़ियों के एक्सल बॉक्स (बेयरिंग) के तापमान पर लगातार नजर रखती है। यदि किसी बेयरिंग का तापमान असामान्य रूप से बढ़ता है तो यह सिस्टम तुरंत नियंत्रण कक्ष को रीयल-टाइम अलर्ट भेज देता है, जिससे समय रहते आवश्यक तकनीकी कार्रवाई कर दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अब तक इस प्रणाली की मदद से 28 ऐसे मामलों की समय रहते पहचान की जा चुकी है, जिनमें एक्सल बॉक्स के अत्यधिक गर्म होने से गंभीर हादसे की संभावना थी। समय पर मिली सूचना के कारण इन संभावित दुर्घटनाओं को टालने में सफलता मिली है।
HABD प्रणाली की खासियत यह है कि यह तेज रफ्तार से गुजर रही ट्रेनों की भी बिना रोके निगरानी कर सकती है। इससे मैन्युअल निरीक्षण पर निर्भरता कम होती है और मानवीय त्रुटियों की संभावना भी घटती है।पश्चिम मध्य रेल का कहना है कि आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग के जरिए यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए मंडल लगातार नई तकनीकों को अपनाने की दिशा में काम कर रहा है।