/नरसिंहपुर। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गाडरवाड़ा तहसील कार्यालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर अजय कुमार श्रीवास्तव को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी नक्शा दुरुस्ती के आदेश की प्रति उपलब्ध कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, बरहटा निवासी आशीष कुमार कौरव ने शिकायत की थी कि उनकी खरीदी गई भूमि के नक्शा दुरुस्ती संबंधी प्रकरण में तहसीलदार कार्यालय का बाबू अजय कुमार श्रीवास्तव आदेश की प्रति दिलाने के नाम पर 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी 3 हजार रुपये लेने पर तैयार हो गया।
योजना के तहत गुरुवार को जैसे ही फरियादी ने तहसीलदार न्यायालय कक्ष, गाडरवाड़ा में आरोपी को 3 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक जितेंद्र यादव, राहुल गजभिये, बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की।