सिहोरा में अवैध हथियारों की सप्लाई पर पुलिस का वार

जबलपुर। जिले में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को चार देशी कट्टों और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर हथियारों की सप्लाई करने जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिहोरा के हडहा मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय भानू तिवारी अवैध हथियार लेकर सिलौड़ी रोड स्थित क्षेत्र में किसी व्यक्ति को देने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर निगरानी शुरू की। संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान उसके बैग से चार देशी कट्टे और दो कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हथियार एक अन्य व्यक्ति से बिक्री के लिए मिलने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा हथियारों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच शुरू कर दी है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु वेनिवाल और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में एएसआई अमृतगिरी गोस्वामी, नीरज चौरसिया, संदीप कौरव और देवराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।