जबलपुर। शहर के व्यस्त फुहारा क्षेत्र की मच्छरहाई मार्केट में बुधवार को एक पुराना और जर्जर भवन अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि मरम्मत कार्य में जुटे मजदूरों ने समय रहते खतरे को भांप लिया और भवन से बाहर निकल गए। कुछ ही मिनट बाद पूरी इमारत जमींदोज हो गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गयाजानकारी के अनुसार, यह पुराना भवन पिछले कई महीनों से मरम्मत के दौर से गुजर रहा था। काम के दौरान भवन से तेज दरार पड़ने और चटकने जैसी आवाजें आने लगीं। मजदूरों ने स्थिति की गंभीरता समझते हुए तुरंत काम बंद किया और बाहर निकल आए। उनके बाहर आने के कुछ ही मिनट बाद भवन तेज धमाके के साथ ढह गया। मलबा गिरते ही आसपास धूल का गुबार फैल गया और लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से पहले से कमजोर भवन की स्थिति और खराब हो गई थी। यदि मजदूर कुछ देर और अंदर रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था। राहत की बात यह भी रही कि भवन में संचालित दुकानें पहले ही खाली करा दी गई थीं, जिससे किसी व्यापारी या ग्राहक को नुकसान नहीं पहुंचा।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते कुछ दिनों में इसी इलाके में जर्जर भवन गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद जोखिम वाले भवनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल सर्वे और नोटिस जारी करना पर्याप्त नहीं है। समय रहते खतरनाक भवनों को खाली कराकर सुरक्षित ढंग से हटाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।