स्टेट बार काउंसिल चुनाव: जबलपुर के आर के सैनी और नित्यानंद मिश्रा टॉप 10 में कायम

जबलपुर। स्टेट बार काउंसिल चुनाव-2026 की मतगणना अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। 29वें दिन की गिनती पूरी होने के बाद अब सिर्फ उज्जैन, उमरिया और विदिशा जिलों के प्रथम वरीयता मतों की गणना शेष है। गुरुवार को सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ के मतों की गिनती पूरी कर ली गई।मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एस.के. पालो के मुताबिक, कुल 62 हजार प्रथम वरीयता मतों में से अब तक 57,466 वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। इनमें 55,484 मत वैध पाए गए, जबकि 1,982 वोट निरस्त घोषित किए गए।मतगणना के ताजा रुझानों में इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया लगातार सबसे आगे बने हुए हैं। उन्हें अब तक 3,061 वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर विवेक सिंह (इंदौर) 1,688 वोटों के साथ हैं, जबकि जबलपुर के आर.के. सिंह सैनी 1,663 वोट पाकर तीसरे स्थान पर कायम हैं।इसके बाद हितोशी जय हार्डिया (इंदौर) 1,616 वोटों के साथ चौथे, नरेंद्र कुमार जैन (इंदौर) 1,570 वोट लेकर पांचवें और अखिलेश सक्सेना (इंदौर) 1,558 वोटों के साथ छठे स्थान पर हैं।जबलपुर के नित्यानंद मिश्रा 1,415 वोटों के साथ सातवें स्थान पर बने हुए हैं। वहीं ग्वालियर के गौरव मिश्रा 1,276 वोट लेकर आठवें और जितेंद्र शर्मा (ग्वालियर) 1,244 वोटों के साथ नौवें स्थान पर हैं। भोपाल के डॉ. विजय चौधरी 1,065 वोटों के साथ शीर्ष-10 की सूची में शामिल हैं।अब सभी की निगाहें शेष तीन जिलों की मतगणना पर टिकी हैं। इन परिणामों के बाद स्टेट बार काउंसिल चुनाव-2026 की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।