जबलपुर। केंट थाना अतंर्गत सदर के बंगला नंबर 68 स्थित गन्ने के खेत में छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप पुलिस ने बरामद की है। क्राइम ब्रांच और केंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को छापा मारकर रोहित पासी उर्फ मटका को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से देशी शराब के 1900 पाव और अंग्रेजी शराब के 48 पाव जब्त किए हैं।
केंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंगला नंबर 68 के पास गन्ने के खेत में शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और थाने की टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित पासी उर्फ मटका, निवासी बगीचा नंबर 68, सदर बताया।
पुलिस ने खेत में मकान से करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत की बाड़ी में तलाशी ली तो वहां शराब की पेटियां और खुले पाव रखे मिले। जांच के दौरान नीले रंग के बैग में देशी शराब के 100 पाव, 36 पेटियों में कुल 1800 पाव देशी शराब तथा दो खुली पेटियों में अंग्रेजी शराब के 22 और 26 पाव बरामद हुए। पुलिस ने कुल 1948 पाव शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।