15 दिन में बदलेगी शहर की सफाई व्यवस्था, लापरवाही पर होगी कार्रवाई, निगमायुक्त ने स्वास्थ्य अमले को दिए सख्त निर्देश


जबलपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को 15 दिन में सुधार लाने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग, बीट प्लान के अनुसार कार्य, कचरे के व्यवस्थित निष्पादन और मैदानी स्तर पर किए गए कार्यों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं। बार-बार समझाइश के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सफाई संबंधी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बीट प्लान और चेकलिस्ट से होगी सफाई……

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि शहर के सभी क्षेत्रों में सफाई कार्य निर्धारित बीट प्लान और चेकलिस्ट के आधार पर कराए जाएं। प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी तय करने के साथ कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। कचरे को मनमाने ढंग से डंप करने के बजाय निर्धारित स्थलों पर एकत्रित कर उसका उचित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए संबंधित क्षेत्रों के नजरी नक्शे तैयार करने और कार्यों का सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि केवल सफाई कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता की जांच और नियमित मॉनिटरिंग भी जरूरी है। इसके लिए इन-आउट कंप्लायंस सुनिश्चित करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा स्पॉट फाइन………

सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए नागरिकों की सहभागिता को जरूरी बताते हुए निगमायुक्त ने लोगों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार-बार समझाइश के बाद भी यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार स्पॉट फाइन किया जाए।

सफाई मित्रों को उपकरण और समय पर वेतन…….

निगमायुक्त ने सफाई मित्रों की सुविधाओं और सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई मित्रों को काम के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और उन्हें नियमानुसार समय पर वेतन मिलना सुनिश्चित किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का 24 घंटे में निराकरण………..

नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निगमायुक्त ने सफाई संबंधी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का 24 घंटे के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करें और किए गए कार्य का सत्यापन भी सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को वास्तविक राहत मिल सके।

अनुशासनहीनता पर होगी कार्रवाई……….

बैठक में कार्य-संस्कृति और प्रशासनिक अनुशासन सुधारने पर भी जोर दिया गया। निगमायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। बिना पूर्व सूचना या वैध आधार के अवकाश पर रहने वालों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने शहर के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और कमियां सामने आने पर तत्काल सुधार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले 15 दिनों में व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार दिखना चाहिए और कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक में अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, सौरभ मिश्रा, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित सभी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक और स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित रहे।