सूर्य हाफ मैराथन में दौड़ेगा जबलपुर, सेना-प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने मिलाया हाथ


जबलपुर। शहर में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामुदायिक एकता का संदेश देने के लिए 22 नवंबर को सूर्य हाफ मैराथन 2026 का आयोजन कोबरा ग्राउंड, सिविल लाइंस, जबलपुर में किया जाएगा। इसे भव्य और यादगार बनाने के लिए भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने हाथ मिलाया है। आयोजन की तैयारियों और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 28 अक्टूबर को मुख्यालय मध्य भारत एरिया, जबलपुर छावनी में समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मध्य भारत एरिया के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल संजय गौतम ने की। इसमें मैराथन के सुचारु संचालन, व्यवस्थाओं, प्रायोजन और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय को लेकर चर्चा हुई। आयोजन के माध्यम से जबलपुर की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, नागरिक-सैन्य संबंधों को मजबूत करने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने पर जोर दिया गया।

व्यापारिक और सामाजिक संगठनों की सहभागिता……

बैठक में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की ओर से प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी, संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी, जिला उपाध्यक्ष मनु शरत तिवारी और जिला संरक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह शामिल हुए। जबलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स, रोटरी, होटल उद्योग, औद्योगिक संगठनों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
बैठक में बलदीप सिंह मैनी, प्रदीप चड्ढा, खटवानी मोटर्स के प्रतिनिधि, अनिल ग्रोवर और डी.एस. जसवानी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। महिला प्रतिनिधियों में गीता शरत तिवारी, प्रीति चौधरी, प्रीति त्रिपाठी और होटल उद्योग से नीता नारंग सहित अन्य सदस्य शामिल हुईं। सभी ने आयोजन को शहरव्यापी जनभागीदारी का स्वरूप देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

4 श्रेणियों में दौड़ने का अवसर…………

सूर्य हाफ मैराथन में प्रतिभागियों के लिए 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की फन रन श्रेणियां रखी गई हैं। प्रतिभागी अपनी तैयारी और क्षमता के अनुसार श्रेणी चुन सकेंगे। आयोजकों ने बच्चों, किशोरों, युवाओं, महिलाओं, परिवारों, व्यापारियों, उद्यमियों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।