जबलपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को थाना कैंट क्षेत्र के यादगार चौक आम रोड पर चलित न्यायालय की कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 14 चालान बनाए गए और 6,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अखिलेश तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व जेएमएफसी स्वास्तिक सावंत ने किया। कार्रवाई में क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर ऑटो चलाने, आगे की सीट पर यात्री बैठाने और कारों में प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। मौके पर कारों से ब्लैक फिल्म भी हटवाई गई।अभियान में यातायात थाना गढ़ा के निरीक्षक वीरेंद्र आरख सहित यातायात एवं थाना कैंट का पुलिस बल मौजूद रहा।कार्रवाई के दौरान ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।