जबलपुर। सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल, गुप्तेश्वर द्वारा रायन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के “50 ईयर ऑफ एक्सीलेंस” समारोह के अंतर्गत रायन गोल्डन जुबिली इंटर-स्कूल फुटसल चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 15 प्रमुख स्कूलों की टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
नॉकआउट प्रारूप में खेले गए पहले दौर और क्वार्टर फ़ाइनल के मुकाबले रोमांचक रहे। सेंट अलॉयसियस स्कूल (सदर), सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल (गुप्तेश्वर), महर्षि विद्या मंदिर (नर्मदा रोड) और सेंट अलॉयसियस स्कूल (पोलीपाथर) ने जीत दर्ज कर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई। सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल मुकाबले 17 जुलाई को खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का संचालन प्रशिक्षित रेफरी एवं चिकित्सा टीम की निगरानी में किया गया।
उद्घाटन समारोह में फादर पी.बी. लाल, फादर डॉ. अर्नेस्ट सिंह, विक्रम पुरस्कार प्राप्त सुनीता पांच, मध्यप्रदेश हॉकी संघ के सचिव लोक बहादुर सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, लॉ प्रेप इंस्टीट्यूट के ऐश्वर्य शर्मा तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर हसन अली खान सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।