एमपी ट्रांसको के राजेश गुप्ता राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा समिति में नामित

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी), जबलपुर में पदस्थ अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता को नेशनल क्रिटिकल इन्फॉर्मेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोटेक्शन सेंटर (एनसीआईआईपीसी) और क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) द्वारा गठित राष्ट्रीय तकनीकी समिति का सदस्य नामित किया गया है। वे देश के पावर सेक्टर से चयनित एकमात्र विशेषज्ञ अधिकारी हैं।

यह समिति विद्युत क्षेत्र की महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना की साइबर सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अनुरूपता मूल्यांकन ढांचा (सीएएफ) तैयार करेगी। श्री गुप्ता विद्युत मंत्रालय की आईटी-ओटी कार्य समूह के भी सदस्य हैं।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह मध्य प्रदेश की तकनीकी दक्षता और साइबर सुरक्षा क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।