कार में स्टंटबाजों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, 3 कारें जब्त, 5 लोगों पर मामला दर्ज


जबलपुर। शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से कारें चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद बेलबाग पुलिस ने जांच कर पांच वाहनों के मालिकों और चालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने तीन कारें जब्त की हैं।


पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर कुछ कार चालकों द्वारा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो की जांच के दौरान बेलबाग पुलिस ने आसपास की दुकानों से जानकारी जुटाई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसमें घटनास्थल थाना बेलबाग क्षेत्र का होना पाया गया। इसके बाद वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों और उनके मालिकों तथा चालकों की पहचान की गई।


जांच में मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक एमपी 20 जेडपी 2660 के मालिक अभिजीत जाट निवासी दुर्गा मंदिर, बेलबाग और चालक 23 वर्षीय गौरव उर्फ प्रिंस विश्वकर्मा, निवासी बड़ी खेरमाई, हनुमानताल की पहचान हुई। दूसरी मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक एमपी 20 जेडजे 2375 के मालिक श्रीराम जाट निवासी बेलबाग और चालक पीयूष जाट निवासी कंजर मोहल्ला, बेलबाग बताए गए। वहीं, काले रंग की थार क्रमांक एमपी 20 जेडएक्स 9124 की स्वामिनी मीनाक्षी जाट निवासी बेलबाग और चालक सत्यजीत जाट निवासी कंजर मोहल्ला, बेलबाग की पहचान की गई।


इसके अलावा स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 20 जेडडी 3437 और फॉर्च्यूनर कार क्रमांक एमपी 20 सीएफ 2710 के चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66(1)/192(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में फ्रॉन्क्स कार क्रमांक एमपी 20 जेडजे 2375, थार क्रमांक एमपी 20 जेडएक्स 9124 और फ्रॉन्क्स कार क्रमांक एमपी 20 जेडपी 2660 जब्त की गई हैं। प्रकरण की विवेचना जारी है।