2 दिन पहले धमकी दी तड़के पेट्रोल डालकर आगजनी ई रिक्शा समेत लाखों का माल खाक

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम चौकीताल में पुरानी रंजिश के चलते एक वेल्डिंग एवं टायर की दुकान में आग लगा दी गई। आगजनी में दुकान के अंदर खड़ा ई-रिक्शा, ग्राहक की बाइक, टायर-ट्यूब, ऑयल के डिब्बे, वेल्डिंग मशीन सहित लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, महेन्द्र अहिरवार और उनके भाई गणेश अहिरवार की चौकीताल दलपत मोड़ पर वेल्डिंग की दुकान है, जहां टायर, ट्यूब और ऑयल का भी कारोबार किया जाता है। पीड़ितों का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले अर्पित उर्फ गोलू पटेल और संजू पटेल दुकान पर पहुंचे थे। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए दुकान में आग लगाने की धमकी दी थी।

तड़के पेट्रोल डालकर लगाई आग

बताया गया कि बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे दोनों आरोपियों ने कथित रूप से दुकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।

सबसे पहले गणेश अहिरवार के ससुर सूरज चौधरी और सास अनिता चौधरी ने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आगजनी में दुकान के भीतर रखा ई-रिक्शा (एमपी-20-एक्सई-9249), एक ग्राहक की हीरो मोटरसाइकिल (एमपी-20-जेडसी-7609), कम्प्रेसर, वॉशिंग मशीन, 500 लीटर की पानी की टंकी, 18 पुराने टायर, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, हैमर मशीन, 72 ट्यूब, 80 ऑयल के डिब्बे और 72 पंचर रिपेयर किट समेत लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया।

पुराने विवाद से जोड़ रहे घटना

पीड़ित महेन्द्र और गणेश अहिरवार ने पुलिस को बताया कि अर्पित उर्फ गोलू पटेल के साथ उनका पहले भी विवाद हो चुका था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने दुकान में आग लगाकर भारी नुकसान पहुंचाया।
भेड़ाघाट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आगजनी से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।