एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर को मिला अंतरराष्ट्रीय ISO 27001:2022 प्रमाणन

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के जबलपुर स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) को सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ/आईईसी 27001:2022 का अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ मध्यप्रदेश का एसएलडीसी देश के बड़े राज्य भार प्रेषण केंद्रों में यह प्रमाणन हासिल करने वाले अग्रणी केंद्रों में शामिल हो गया है।ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि दिल्ली की संस्था क्वालिटी एशिया सर्टिफिकेशन ने विस्तृत मूल्यांकन और ऑडिट के बाद यह प्रमाणन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से प्रदेश की विद्युत व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ी है और पावर सेक्टर में मध्यप्रदेश की प्रतिष्ठा को नई पहचान मिली है।एमपी ट्रांसको के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रमाणन के तहत एसएलडीसी की सूचना सुरक्षा प्रणाली, रियल टाइम ग्रिड संचालन, विद्युत प्रणाली की शेड्यूलिंग, निगरानी एवं नियंत्रण, संचार व्यवस्था, ऑपरेशनल टेक्नोलॉजी, आईटी अवसंरचना तथा सभी संबंधित प्रक्रियाओं और कार्मिकों का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सूक्ष्म परीक्षण किया गया। इससे प्रदेश की विद्युत ग्रिड संचालन प्रणाली की साइबर एवं सूचना सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।