भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का पत्रक पूजन

जबलपुर। संस्कारधानी के प्राचीन लगभग 500 वर्ष पुराने श्री जगदीश मंदिर, गणेश मंदिर लोक न्यास के तत्वावधान में आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ स्वामी, बलभद्र और सुभद्रा मैया की 259वीं रथ यात्रा को लेकर आज विधिवत पत्रक पूजन संपन्न हुआ।यह भव्य रथ यात्रा आगामी 16 जुलाई को आषाढ़ माह की द्वितीया तिथि पर जगन्नाथ पुरी की परंपरा के अनुरूप निकाली जाएगी। पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राइट टाउन स्थित प्रेम मंदिर के वरिष्ठ पुजारी पं. रामकृष्ण पाठक एवं जगदीश मंदिर के पं. देवेंद्र त्रिपाठी के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी लाल ज्ञानेंद्र सिंह बघेल (अधिवक्ता) ने बताया कि गढ़ाफाटक स्थित जगदीश मंदिर संस्कारधानी का धार्मिक केंद्र है, जहां वर्षभर धार्मिक आयोजनों का क्रम चलता रहता है। यह वार्षिक रथ यात्रा नगर को भक्ति भाव में डुबो देने वाला प्रमुख आयोजन है।इस अवसर पर प्रबंध न्यासी लाल ज्ञानेंद्र सिंह बघेल, प्रबंधक मोहित तिवारी, लाल अच्युतेंद्र सिंह बघेल, संकीर्तनाचार्य पं. मनमोहन दुबे, देवेंद्र नेमा, अतुल कुमार पटेल, मोहित पटेल, राकेश उपाध्याय, डी.के. दुबे, विशाल पंड्या, एड. कु. शिखा सिंह बघेल, एड. सुजीत सिंह रघुवंशी, एड. दीपक कुमार विश्वकर्मा, नरेंद्र गौतम, मधुकर राव, सुनील गुप्ता, पीतल पटेल, नत्थू दादा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।