जबलपुर। पाटन विधानसभा अंतर्गत जनपद पंचायत क्षेत्र के नीची ग्राम में अवैध शराब बिक्री से त्रस्त महिलाओं ने जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय यादव को अपनी पीड़ा सुनाई।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। स्थिति यह है कि कई लोग स्कूल परिसर में बैठकर शराब पीते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वे भय के माहौल में स्कूल जाने को मजबूर हैं। महिलाओं का कहना है कि गांव के अनेक मजदूर अपनी दिनभर की मेहनत की कमाई शराब में खर्च कर देते हैं, जिसके बाद घर पहुंचकर परिवार की महिलाओं के साथ विवाद और मारपीट करते हैं। इससे गांव का सामाजिक वातावरण लगातार बिगड़ता जा रहा है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध शराब बेचने वाला व्यक्ति खुलेआम कहता है कि उसे पुलिस का कोई डर नहीं है और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या की शिकायत वे कई बार नूनसर थाना, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी इस जनसमस्या को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा तथा अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी।