सीएमएचओ ने 7 डॉक्टरों को दिए थे शोकॉज नोटिस, नहीं मिला जवाब, शाम को ओपीडी से नदारद डॉक्टरों का कटेगा एक दिन का वेतन


जबलपुर। जबलपुर जिला अस्पताल विक्टोरिया की ओपीडी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और अव्यवस्थाओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) और सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी ने सख्त रुख अपनाया है। विगत दिवस शाम की ओपीडी के समय किए गए निरीक्षण के दौरान कई डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं पाए गए। इस अनुशासनहीनता पर कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जन ने कुल 7 नोडल चिकित्सा अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। उक्त डाक्टरों में से एक ने भी तय समय सीमा बीतने के बाद भी नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। नोडल अफसरों के इस रवैये से नाराज सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी ने अंतत: सभी 7 डॉक्टरों के 1 दिन का वेतन काटने की पूरी तैयारी कर ली है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह पूरी कार्रवाई चिकित्सा व्यवस्था में सुधार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से की जा रही है। गौरतलब हो कि जिला अस्पताल की शाम की ओपीडी में अक्सर डॉक्टरों के समय पर न बैठने या गायब रहने की शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। इसके बाद ही वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने अचानक अस्पताल का दौरा कर शिकायतों को सही पाया था। इसके बाद ही सिविल सर्जन ने गंभीर रुख अपनाते हुए 7 नोडल चिकित्सा अधिकारियों को शोकॉज नोटिस थमाया था। अधिकारियों से उम्मीद थी कि वे अपनी अनुपस्थिति का उचित और स्पष्ट कारण बताएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
सिविल सर्जन कोठारी ने कहा कि शासकीय दायित्वों के प्रति इस तरह की लापरवाही और मनमाना रवैया किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अस्पताल में आने वाले मरीजों के हितों से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त एक्शन लिया जाएगा। नोटिस का जवाब न देकर अधिकारियों ने प्रशासनिक मर्यादा का उल्लंघन किया है, जिसके कारण अब उनके खिलाफ एक दिन की वेतन कटौती की कार्यवाही की जा रही है।