भोपाल .कलमवीर संघर्ष संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट कर पत्रकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान पत्रकारों के हितों की सुरक्षा, पत्रकार कल्याण योजनाओं के विस्तार, पत्रकार सुरक्षा कानून, अधिमान्यता संबंधी समस्याओं तथा जिला एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियों को प्रमुखता से रखा गया।संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बदलते मीडिया परिवेश में पत्रकारों को अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पत्रकारों के सामाजिक, आर्थिक एवं पेशागत हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।मुलाकात के दौरान संगठन के कोषाध्यक्ष संजय साहू, प्रदेश अध्यक्ष शुभम शुक्ला, जिला अध्यक्ष सृजन शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री और पत्रकार प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई चर्चा के दौरान गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश भी मौजूद रहे।