सीमांकन के एवज में 80 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा

जबलपुर, । भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुरा तहसील में पदस्थ एक राजस्व निरीक्षक को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगम कॉलोनी उखरी निवासी 37 वर्षीय रोहित जैन ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके एक व्यापारी मित्र द्वारा ग्राम कुलोन, तहसील शाहपुरा में खरीदी गई भूमि के सीमांकन कार्य के लिए राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान आरोपी राजस्व निरीक्षक 80 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
मंगलवार को रतन कॉलोनी, कटंगा क्षेत्र में लोकायुक्त टीम ने आरोपी करण सिंह लोधी (56 वर्ष), राजस्व निरीक्षक, तहसील कार्यालय शाहपुरा को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
यह ट्रैप कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में ट्रैप लेइंग अधिकारी निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग सहित अन्य शासकीय विभागों में हड़कंप की स्थिति है