खुदाई में मिले यूएक्सओ जिंदा बम को सेना ने 8 घंटे में किया निष्क्रिय

जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट के समीप गधेरी गांव में निर्माणाधीन मकान की खुदाई के दौरान जमीन से निकले जिंदा बम को सेना और सेंट्रल ऑर्डिनेंस डिपो (सीओडी) की टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। बम मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और सेना के बीच त्वरित समन्वय से पूरी कार्रवाई करीब 7 से 8 घंटे में पूरी कर ली गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार गधेरी निवासी सुनील यादव के प्लॉट पर भवन निर्माण के लिए पिलर की खुदाई चल रही थी। इसी दौरान करीब तीन से चार फीट नीचे एक संदिग्ध धातु की वस्तु मिली। प्रारंभ में इसे कबाड़ समझा गया, लेकिन आकार देखकर संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। जांच में यह जिंदा यूएक्सओ बम निकला। एसपी संपत उपाध्याय की रिपोर्ट पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने रक्षा मंत्रालय को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया। अनुमति मिलने के बाद सेना और सीओडी की टीम ने बम को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से डिफ्यूज कर दिया।

50 मीटर तक थी मारक क्षमता …

सूचना मिलते ही सीएसपी रांझी सतीश साहू, खमरिया थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। जांच में सामने आया कि बम का वजन करीब 12 से 15 किलो था और इसकी मारक क्षमता लगभग 50 मीटर तक हो सकती थी। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। अधिकारियों के अनुसार बम मिलने का स्थान आयुध निर्माणी खमरिया से करीब छह किलोमीटर दूर है। बम सक्रिय अवस्था में होने के कारण उसे लंबे समय तक रखना जोखिमपूर्ण था, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर उसे निष्क्रिय कराया गया।