जबलपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष (ओबीसी विभाग) टीकाराम कोष्टा एवं अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा की गई कथित टिप्पणी को अमर्यादित, अशोभनीय और निंदनीय बताया है। कांग्रेस नेताओं ने जारी बयान में कहा कि जीतू पटवारी के नेतृत्व में पार्टी किसानों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मोर्चे पर विफल रही है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में स्कूल शिक्षकविहीन हैं तथा अनेक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और रिक्त पदों को भरने में भी सरकार असफल रही है।
नेताओं ने किसानों को खाद, बिजली और समर्थन मूल्य से जुड़ी समस्याओं का सामना करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक जीवन की गरिमा बनाए रखने और राजनीतिक विरोधियों के प्रति संयमित भाषा का प्रयोग करने की अपेक्षा जताई है।
बयान पर अलीम मंसूरी, मामूर गुड्डू, विजय अग्रवाल, रामदास यादव, अशोक यादव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के बयान पर आपत्ति जताई है।