जबलपुर। दिनांक 02 मई 2026 को गाड़ी संख्या 11062 अप पवन एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक बालक के घायल होने की सूचना प्राप्त होते ही जबलपुर रेल मंडल द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।*रेल मदद 139* से प्राप्त जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर से मुंबई की यात्रा कर रहे यात्री रोहित कुमार के लगभग 4-5 वर्षीय पुत्र के सिर में चोट लगने से खून बह रहा था। यह सूचना कमर्शियल विभाग के माध्यम से नरसिंहपुर स्टेशन पर प्राप्त हुई।सूचना मिलते ही ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बालक का प्राथमिक उपचार किया। बालक के सिर पर लगी चोट की सफाई कर बेटाडिन से ड्रेसिंग की गई तथा आवश्यक दवाएं दी गईं। साथ ही, बच्चे के हाथ में लगी चोट का भी समुचित उपचार किया गया।समय पर उपलब्ध कराए गए उपचार से बालक की स्थिति सामान्य हो गई। यात्री श्री रोहित कुमार ने रेलवे प्रशासन एवं चिकित्सक टीम का आभार व्यक्त करते हुए त्वरित सहायता के लिए धन्यवाद दिया।
रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि यात्रा के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके और यात्रा सुरक्षित एवं सुखद बनी रहे।जबलपुर रेल मंडल अपने यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा 24×7 आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने हेतु तत्पर रहता है, जिससे यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय हो सके।