जबलपुर। भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘संविधान लीडरशिप प्रोग्राम’ का शुभारंभ अब संस्कारधानी जबलपुर में भी कर दिया गया है। इस अवसर पर जबलपुर शहर युवा कांग्रेस ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने बताया कि यह अभियान संविधान के मूल्यों पर आधारित नई पीढ़ी के नेतृत्व को तैयार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र के सामने कई चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे दौर में युवाओं को संविधान, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसरोकारों से जोड़ना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भारतीय युवा कांग्रेस ने इस कार्यक्रम की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से युवाओं को डिजिटल और जमीनी स्तर पर नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
‘पांचवें स्तंभ’ के रूप में सोशल मीडिया पर जोर………
युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष सत्येंद्र (सोनू) कुकरेले एवं प्रदेश प्रवक्ता वरुण यादव ने कहा कि लोकतंत्र के चार पारंपरिक स्तंभों के साथ अब डिजिटल युग में मीडिया को भी लोकतंत्र का ‘पांचवां स्तंभ’ माना जाने लगा है। ऐसे में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संविधान, सामाजिक समानता और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखने वाले युवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ‘व्हाइट टी-शर्ट अभियान’ के माध्यम से ऐसी युवा टीम तैयार की जाएगी, जो संविधान के विचारों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संविधान में आस्था रखने वाले नागरिकों से इस कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान किया। इच्छुक युवा क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा 9711480420 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण करा सकते हैं।
पत्रकार वार्ता में अभ्युत बाजपेयी, भानु यादव, नितिन सिंह, सौरभ यादव, शिशांत सिंह ठाकुर, मोंटी वंशकार, शिवम अग्रवाल, प्रवीण चौधरी, शिवम यादव, अनिल मिश्रा, आदेश चौबे, गौरव ठाकुर, राजेश केसरवानी, नरेश कुमार, अक्षय विनोदिया, नयन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।