मैहर। मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन की मैहर में बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। बैठक में बिजली कंपनियों के नियमित, संविदा, आउटसोर्स कर्मचारियों और पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं पर सीधे संवाद किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फेडरेशन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राजपूत ने की, जबकि महामंत्री राकेश डीपी पाठक ने कर्मचारियों की मांगों और संगठन की आगामी भूमिका की जानकारी दी।राकेश डीपी पाठक ने कहा कि फेडरेशन सभी श्रेणियों के कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने संविदा कर्मचारियों को बिना शर्त नियमित करने, आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण देने, 2012 से पहले के अनुकंपा आश्रितों को बिना शर्त नियुक्ति देने और संविदा अनुकंपा आश्रितों की नियुक्ति संबंधी विसंगतियां दूर करने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों की नियमित नियुक्ति के लिए निर्धारित परीक्षा में न्यूनतम अंकों की सीमा को कम किया जाना चाहिए। साथ ही बिजली कर्मचारियों और पेंशनर्स को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत देने तथा विभिन्न श्रेणियों में व्याप्त वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग भी उठाई।पाठक ने बताया कि लंबे समय बाद बिजली क्षेत्र में नियमित पदों के सृजन और भर्ती की स्वीकृति मिली है। कर्मचारियों को नए फ्रिंज बेनिफिट और पदोन्नति का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं में मौजूद विसंगतियों को दूर किए जाने पर ही कर्मचारियों को वास्तविक लाभ मिल सकेगा।कार्यक्रम में एनके यादव, जीएल चौरसिया, दिनेश दुबे, बीपी पटेल, सुरेश बाबू खरे, रामेश्वर गांगे, किशोर चौहान, गोपाल चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं और फेडरेशन के प्रयासों पर विचार रखे। मैहर शाखा अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया तथा भरत लाल पटेल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फेडरेशन के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।