श्वान को लगे इंजेक्शन, बिल्लियों का नेत्र परीक्षण, वेटनरी कॉलेज में निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


जबलपुर। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय (वीयू) के पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय में विश्व जूनोसिस दिवस के अवसर पर सोमवार, 6 जुलाई को महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अधिष्ठाता डॉ. राखी वैश द्वारा श्वान को एंटी-रेबीज टीका लगाकर किया गया। इस अवसर पर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण, नेत्र परीक्षण, एलर्जी परीक्षण तथा गर्भ जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए कुल 137 श्वानों का एंटी-रेबीज टीकाकरण किया गया। इसके अतिरिक्त 6 श्वानों एवं 2 बिल्लियों का नेत्र परीक्षण, 2 श्वानों का एलर्जी परीक्षण तथा 5 मादा श्वानों की गर्भ जांच की गई। शिविर में मुख्य रूप से देशी नस्ल, जर्मन शेफर्ड, पोमेरेनियन, रिट्रीवर सहित विभिन्न नस्लों के श्वानों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रणवीर सिंह जाटव तथा सह-संयोजन डॉ. ब्रजेश सिंह द्वारा किया गया। एंटी-रेबीज टीकाकरण डॉ. देवेंद्र कुमार गुप्ता एवं डॉ. अमिता तिवारी द्वारा कराया गया।
कार्यक्रम में डॉ. जी. के. मिश्रा, डॉ. अभिषेक बिसेन, डॉ. बबीता दास, डॉ. अपूर्वा मिश्रा, डॉ. शशि प्रधान, डॉ. अपर्णा रायकवार, डॉ. भावना गुप्ता तथा डॉ. शिल्पा गजभिए सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, चिकित्सक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए डॉ. भावना गुप्ता द्वारा “जूनोटिक बीमारियाँ एवं उनसे बचाव” विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया। उन्होंने जूनोटिक रोगों के संक्रमण के स्रोत, उनके मानव एवं पशु स्वास्थ्य पर प्रभाव तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।