बच्चों के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, लाठी तलवार चली


जबलपुर। कोतवाली थाना अतंर्गत तमरहाई स्थित राजा रसगुल्ला वाली गली में रविवार देर रात बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने तलवार और लाठी से हमला कर परिवार के महिला-पुरुषों को घायल करने का आरोप लगाया है। सोमवार को घायल महिलाएं परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।


परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, लेकिन उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं हुई और उल्टे उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे राजा रसगुल्ला वाली गली में राहुल, कपिल सोनकर और उनके साथियों के साथ संत रविदास समाज के कुछ लोगों का विवाद हुआ था। इस दौरान तलवार और लाठी से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है, जिसमें परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। एएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


परिजनों का कहना है कि दूसरे पक्ष की ओर से उनकी चोटों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पर एएसपी ने उनकी बात सुनते हुए मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। त्योहार को देखते हुए विवाद वाले क्षेत्र में पुलिस प्वाइंट लगाने की बात भी कही गई है।