खुली डीपी पर पड़ रहा पानी, त्योहार में हादसे का खतरा कछपुरा-एमआर-4 मार्ग पर बिजली अमले की लापरवाही से बढ़ी चिंता


जबलपुर। त्योहार से पहले शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर अमले की लापरवाही सामने आ रही है। कछपुरा से एमआर-4 की ओर आने वाले मार्ग पर सड़क किनारे फुटपाथ पर लगी बिजली की डीपी खुली पड़ी है। डीपी के भीतर बिजली के तार साफ दिखाई दे रहे हैं और पास ही टूटा हुआ नल कनेक्शन परेशानी का कारण बना हुआ है। नल से निकल रहा पानी सीधे खुली डीपी पर गिर रहा है, जिससे करंट फैलने का खतरा बना हुआ है।


स्थानीय लोगों के मुताबिक डीपी पर पानी पड़ने से बीच-बीच में स्पार्किंग भी हो रही थी। मामले की सूचना बिजली विभाग को दी गई, जिसके बाद संबंधित अमले को इसकी जानकारी दी गई। नगर निगम का अमला भी मौके पर पहुंचा और पानी का फव्वारा बंद कराया गया, लेकिन डीपी का ढक्कन व्यवस्थित तरीके से बंद नहीं किए जाने से खतरा बरकरार है।

कुछ दिनों बाद इसी स्थान पर लगेगा पंडाल………..

खास बात यह है कि त्योहार के दौरान इसी क्षेत्र में पंडाल लगाया जाना है। पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में खुली डीपी और उसके पास बिजली के तारों की मौजूदगी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। सजावट के लिए सड़क किनारे गड्ढे खोदकर लोहे की पाइप भी लगाए जा रहे हैं। यदि खुले बिजली उपकरण के आसपास इस तरह का काम जारी रहा तो दुर्घटना का खतरा और बढ़ सकता है।


त्योहार के पहले बिजली विभाग को ऐसे संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर खुली डीपी के ढक्कन बंद कराने और विद्युत उपकरणों को सुरक्षित करने की जरूरत है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।