गणेशोत्सव पर सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी को एसपी के सख्त निर्देश

जबलपुर। आगामी गणेशोत्सव पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय ने  पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें पर्व के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत रणनीति तय की गई।
इस अहम बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 4 सुश्री अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अखिलेश तिवारी सहित नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शुभम सिंह अधारताल श्रीमति राजेश्वरी कौरव, ओमती  सोनू कुर्मी, गढ़ा  आशीष जैन, रांझी  सतीश साहू और बरगी श्री अंजुल अयंक मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा डीएसपी यातायात मालवीय चौक  संतोष कुमार शुक्ला और शहर के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित हुए, जबकि देहात क्षेत्र के थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से बैठक से जुड़े।बैठक के दौरान गणेश प्रतिमाओं की स्थापना एवं विसर्जन कार्यक्रमों, जुलूसों तथा सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से मंथन किया गया। यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, रात्रि गश्त और सोशल मीडिया पर निगरानी जैसे संवेदनशील बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।
पुलिस अधीक्षक  सम्पत उपाध्याय ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों, आयोजकों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणेशोत्सव पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता और तत्परता बरती जाए।