सिद्धबाबा की पहाड़ी पर सीनियर छात्रों की दबंगई, दो जूनियर छात्रों को बातचीत के बहाने बुलाया, बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा; वीडियो वायरल,

जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में सीनियर छात्रों की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिद्धबाबा की पहाड़ी पर निजी स्कूल के सीनियर छात्रों ने दो जूनियर छात्रों को बातचीत के बहाने बुलाया और कथित तौर पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।

वर्चस्व कायम करने को लेकर विवाद………..

बताया जा रहा है कि स्कूल में वर्चस्व कायम करने को लेकर कुछ सीनियर छात्र जूनियर छात्रों पर दबाव बना रहे थे। इसी दौरान दो छात्रों द्वारा उनकी बात नहीं मानने पर उन्हें बातचीत के बहाने सिद्धबाबा की पहाड़ी पर बुलाया गया।

आरोप है कि वहां पहुंचते ही सीनियर छात्रों ने दोनों जूनियर छात्रों को घेर लिया और बेल्ट तथा लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। दोनों छात्र बचने और माफी मांगने की कोशिश करते रहे, लेकिन मारपीट करने वाले छात्रों ने उनकी एक नहीं सुनी।

वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप………..

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लड़के दोनों छात्रों के साथ मारपीट करते और उन्हें घसीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

वीडियो से खुलेगा दबंगों का राज…………

पुलिस अब वायरल वीडियो को जांच का आधार बनाकर मारपीट करने वाले छात्रों की पहचान में जुटी है। घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि मारपीट का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पीड़ित छात्रों की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आरोपियों की पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सवाल यह भी है कि स्कूल से जुड़े नाबालिग छात्रों के बीच चल रहे इस कथित दबाव और वर्चस्व की जानकारी जिम्मेदारों को पहले क्यों नहीं लगी। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी।