जबलपुर। कलचुरी कालीन ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र माता महालक्ष्मी धाम पचमठा मंदिर में माता महालक्ष्मी की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना को लेकर आक्रोशित श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी सोमवार को सड़कों पर उतर आए। इस अवसर पर निकाले गए मौन जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी| आक्रोशित लोगों ने एक दिन पहले ही इस बात की घोषणा की थी कि घटना के विरोध में अधारताल बंद रहेगा, लिहाजा सोमवार को उपनगरी क्षेत्र अधारताल का व्यवसायिक क्षेत्र बंद रहा| लोगों ने आधे दिन तक अपना कारोबार बंद कर रख घटना का विरोध जताया और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया| आक्रोशित लोगों ने मंदिर में चोरी करने और मूर्ति खंडित करने के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की|
सोमवार को मंदिर परिसर में माता महालक्ष्मी धाम के पुजारी कपिल महाराज के आह्वान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और दोषियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की।
आंदोलन के दौरान अधारताल बंद शांतिपूर्ण रहा| लोगों के आक्रोश को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था| बंद के दौरान श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासियों ने मौन जुलूस निकाला व काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
क्षेत्रीय लोगों ने इस अवसर पर कहा कि माता महालक्ष्मी धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल…….:
मौन जुलूस व प्रर्दशन में पार्षद बाबा श्रीवास्तव, पार्षद विमल राय, पार्षद महेश राजपूत, वरिष्ठ समाजसेवी दिनेश ताम्रकार, डॉ. राजेश जायसवाल, मनीष अग्रहरि, व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, सुबोध पहारिया, अमित तिवारी, आशीष श्रीवास्तव, दीपक द्विवेदी, तपन सेन गुप्ता, आकाश रजक, परिमल चतुर्वेदी, विनय यादव, पुष्कल शर्मा, गुल्लू दुबे एवं आनंद बिहारी जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
यहां उल्लेखनीय है कि अधारताल तालाब के पास प्राचीन लक्ष्मी नारायण पचमठा मंदिर में शुक्रवार की देर रात चोरों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी दानपेटी तोड़कर उसमें रखी दान की रकम और मंदिर में चढ़े जेवर चोरी कर ले गए, बल्कि मूर्ति भी खंडित कर गए। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस मंदिर में पहले भी दो बार चोरी की वारदात हो चुकी है। जिसे देखते हुए यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे| इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है| पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे थे| प्रर्दशनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की शीघ्र मांग की है।