जबलपुर। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार की सुबह हैदराबाद से चलकर जबलपुर होते हुए इंदौर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई। जिसके चलते आगे का सफर निरस्त कर दिया गया फलस्वरूप यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हैदराबाद से सही समय पर डुमना पहुंची इस फ्लाइट को सुबह 9:20 बजे इंदौर के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर खराबी के चलते संचालन पूरी तरह निरस्त करना पड़ा। विमान कंपनी की इस अचानक घोषणा से टर्मिनल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बडी संख्या में यात्रियों को अपना पहले से तय सफर रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ को दिल्ली होकर इंदौर भेजने का इंतजाम किया गया। बिना पूर्व सूचना विमान रद्द होने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ गहरा रोष प्रकट किया। इस दौरान विमानतल पर काफी देर हंगामे की स्थति बनी रही।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक नियमित सेवा के तहत रोज की तरह विमान अपने तय समय पर हैदराबाद से जबलपुर पहुंचा था। यहां ग्राउंड स्टाफ ने औपचारिकताएं पूरी कर यात्रियों का सामान भी लगेज कंपार्टमेंट में लोड कर दिया था लेकिन बोर्डिंग की तैयारी के ठीक पहले तकनीकी विशेषज्ञों को विमान प्रणाली में गंभीर खराबी का पता चला। लिहाजा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उड़ान को तत्काल रोकने का फैसला लिया गया।
अचानक आगे का सफर निरस्त होने से सबसे ज्यादा परेशानी जरूरी कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे लोगों को उठानी पड़ी। यही नहीं जिन लोगों का लगेज विमान में चढ़ चुका था, उन्हें वापस पाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ निराश होकर शहर में अपने घरों को लौट गए, जबकि बाकी यात्री सड़क मार्ग और ट्रेन जैसे दूसरे विकल्पों की तलाश में भटकते रहे। इन हालात में काफी देर डुमना हवाई अडडे पर हंगामे की स्थिति बनी रही।