जबलपुर। संस्कारधानी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास इस बार भी भव्य रूप में नजर आएगा। सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में विगत 46 वर्षों से निकाली जा रही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर गोपाल मंदिर घमापुर और जय श्रीकृष्ण सभा, बाई का बगीचा में बैठकें आयोजित की गईं। आगामी 4 सितंबर को दोपहर 2 बजे पुराने मोटर स्टैंड स्थित सनातन धर्म तिराहे से 47वीं शोभायात्रा निकाली जाएगी।शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न दिव्य स्वरूपों के विग्रह और सजीव झांकियों के माध्यम से भक्तों को दर्शन होंगे। आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं को माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया जाएगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से गोपाल कृष्ण की आराधना करने वाले साधु-संत और महात्मा भी आयोजन में शामिल होंगे।
दस झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए 10 झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें श्रीकृष्ण जन्मस्थान और उनकी लीलास्थली से संबंधित पाषाण शिलाओं के दर्शन भी श्रद्धालुओं को कराए जाएंगे। पारंपरिक बैंड और ढोल के साथ मातृशक्ति एवं कलशधारी महिलाएं शोभायात्रा में शामिल होंगी। युवा वर्ग गुलाबी रंग के परिधान में सहभागिता करेगा।आयोजकों ने बताया कि श्रीकृष्ण के अनेक स्वरूपों की आराधना की परंपरा संस्कारधानी में अलग-अलग पद्धतियों से होती रही है। इसी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जन्माष्टमी शोभायात्रा का आयोजन लगातार किया जा रहा है।बैठक में महंत माधे राज महाराज, महंत शिव व्यास जी महाराज, श्याम साहनी, प्रवेश खेड़ा, विष्णु पटेल, नीता चावला, डिंपल आनंद, मधु सेठी, राजेंद्र प्यासी, लोकराम कोरी, कुलदीप राय आनंद, रत्नेश मिश्रा, दिनेश पटेल, केके बस्सी, अभिषेक आराध्य, रविंद्र आनंद, राजेश सेठी, सोनल सेठी, जगदीश सेठी, रश्मि कौशिक, राखी बंसल, आनंद राजेश, अरुण सेठी और संतोष राठौर सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।