1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से सजे श्री बड़े महावीर जी

जबलपुर। श्रावण मास के तृतीय मंगलवार को संस्कारधानी के मध्य विराजमान मराठा कालीन श्री बड़े महावीर जी स्वामी का 1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से विशेष श्रृंगार किया गया। यह श्रृंगार पं. आशीष पुजारी एवं शोभित पुजारी द्वारा किया गया।श्रावण मास में जहां भगवान शिव के पूजन-अर्चन और विभिन्न श्रृंगारों की परंपरा है, वहीं मंगलवार को 12वें रुद्र अवतार भगवान हनुमान जी के श्रीविग्रह का भी विशेष श्रृंगार किया जाता है। इसी क्रम में श्री बड़े महावीर जी को सिंदूर एवं चमेली तेल का चोला अर्पित करने के साथ अलग-अलग स्वरूपों में सजाया गया। पूर्व में गुलाल और मोरपंख से श्रृंगार के बाद मंगलवार को 1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से मनोहारी श्रृंगार किया गया।विशेष श्रृंगार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने हनुमान चालीसा, संकटमोचन हनुमानाष्टक और बजरंग बाण का पाठ कर श्री बड़े महावीर जी की आराधना की। श्रद्धालुओं ने प्रभु से जबलपुर सहित सभी भक्तों के स्वस्थ, निरोगी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।