सागर। बण्डा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा की गिरफ्तारी में सागर पुलिस को आज तड़के बड़ी सफलता प्राप्त हुई। आरोपी पर पुलिस द्वारा पूर्व से ही ₹30,000 का इनाम घोषित किया गया था।बदमाश के ऊपर 25 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं।दिनांक 11/09/2026 को तड़के थाना बारायठा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि शराब प्रकरण का आरोपी रवि लखेरा थाना बारायठा क्षेत्र अंतर्गत हनुमान टोंग मंदिर के पास जंगल में, मुख्य मार्ग बण्डा– बरायठा तरफ मौजूद है।सूचना प्राप्त होते ही पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल पुलिस अधीक्षक सागर एवं वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना बण्डा प्रभारी आनंद सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने तथा आसपास के थाना प्रभारियों को भी आवश्यक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना बण्डा प्रभारी आनंद सिंह एवं थाना बारायठा प्रभारी अरविंद सिंह अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों द्वारा संभावित स्थान की चारों ओर से घेराबंदी कर सघन सर्चिंग प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने की फायरिंग
पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी एवं सर्चिंग के दौरान आरोपी रवि लखेरा ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा पुलिस टीम को लक्ष्य कर तीन फायर किए गए।पुलिस टीम द्वारा अपनी सुरक्षा एवं आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने तत्परता का परिचय देते हुए घायल आरोपी रवि लखेरा को सुरक्षित रूप से गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तत्काल आवश्यक उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
12 बोर देशी कट्टा सहित हथियार एवं मोटरसाइकिल बरामद*
गिरफ्तार आरोपी रवि लखेरा के कब्जे से 12 बोर का देशी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस, 03 खाली कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
*2 अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार*
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के 2 अन्य साथी अंधेरे एवं जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गये। फरार आरोपियो की तलाश के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें तत्काल क्षेत्र में सर्चिंग एवं कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। संभावित ठिकानों पर भी पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उसे शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए सघन सर्चिंग जारी है।
*त्वरित सूचना पर तत्काल पुलिस रिस्पॉन्स*
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस को प्राप्त सूचना को तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों को तत्काल सक्रिय करने से यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।