जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आई लूट और झपटमारी की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक वारदात में बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी सवार मां-बेटी को रोककर चाकू की नोक पर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया, जबकि दूसरी घटना में बाइक सवार तीन युवकों ने पैदल जा रहे युवक के हाथ से मोबाइल झपट लिया। गधा पुलिस के मुताबिक भोपाल निवासी 37 वर्षीय आरती ठाकुर न्यू शास्त्रीनगर, तिलवारा मैं रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके आई हुई थीं। 11 सितंबर की शाम वह अपनी मां सरला ठाकुर के साथ स्कूटी से गढ़ा सामुदायिक भवन में जन्मदिन की पार्टी में गई थीं। उनके पिता भी अलग मोटरसाइकिल से पार्टी में पहुंचे थे।रात करीब 9:45 बजे, लौटते समय पिसनहारी मढ़िया के पहले गढ़ा पुलिस लाइन क्वार्टर के सामने बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के सामने अपनी मोटरसाइकिल लगा दी। आरोप है कि दोनों ने आरती के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। जब उन्होंने वहां से हटने की कोशिश की तो पीछे बैठे युवक ने चाकू निकालकर धमकाया कि चेन और मंगलसूत्र नहीं दिए तो जान से खत्म कर देंगे।डर के कारण मां-बेटी सहम गईं। इसी दौरान बदमाश चेन और मंगलसूत्र खींचकर मेडिकल की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के समय आरती के पिता कुछ दूरी पर पीछे चल रहे थे। उनके पहुंचने पर मां-बेटी ने पूरी घटना बताई।आरती ने पुलिस को बताया कि बाइक चला रहा बदमाश काले रंग की टी-शर्ट, जबकि पीछे बैठा युवक क्रीम रंग की शर्ट पहने था। दोनों दुबले-पतले बताए गए हैं। पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैदल जा रहे युवक से मोबाइल झपटा
इसी थाना क्षेत्र में मोबाइल झपटमारी की एक अन्य घटना भी सामने आई है। सुभाषनगर मड़फैया निवासी अखिलेश कुमार विश्वकर्मा (25) ने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त की रात करीब 9:10 बजे वह पिसनहारी मढ़िया से सर्वेंट क्वार्टर वाले रास्ते से पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से पेशन मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए।आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से वनप्लस कंपनी का मोबाइल छीन लिया और तीनों फरार हो गए। अखिलेश मोटरसाइकिल का नंबर नहीं देख सका। उसने पुलिस को बताया कि मोबाइल छीनने वाला युवक पीले रंग की फुल शर्ट पहने हुए था।इस मामले में पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पिसनहारी मढ़िया और उसके आसपास सामने आई इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में रात के समय राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान के लिए संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग खंगाल रही है।