जबलपुर। जबलपुर कन्तोरा में सांसद आशीष दुबे के आगमन पर ग्रामीण महिलाओं ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या शराब दुकान को लेकर अपनी मांग रखी। महिलाओं ने सांसद से आग्रह किया कि किसी भी स्थिति में क्षेत्र में शराब की दुकान या कलारी चालू न होने दी जाए। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि शराब के कारण गांव का सामाजिक और पारिवारिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है। शराब के सेवन से नवयुवक और पुरुष वर्ग बीमार हो रहे हैं तथा आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। कई लोग नशे की लत में घर का सामान, बर्तन और गैस सिलेंडर तक बेच देते हैं। शराब पीकर घर लौटने के बाद महिलाओं के साथ मारपीट और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
महिलाओं ने कहा कि शराब की वजह से मोहल्लों में आए दिन लड़ाई-झगड़े होते हैं, जिससे परिवारों में तनाव और कलह बढ़ रही है। महिलाएं और बच्चियां घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस करती हैं, क्योंकि रास्ते में शराब के नशे में लोग गलत टिप्पणी और छेड़छाड़ जैसी घटनाएं करते हैं।
जब महिलाओं से पूछा गया कि शराब से सरकार को राजस्व प्राप्त होता है, तो उन्होंने कहा कि यदि सरकार को धन की आवश्यकता है तो गरीब महिलाओं को मिलने वाली योजनाओं लाडली बहना योजना का पैसा वापस ले लिया जाए, लेकिन गांव और परिवारों को टूटने से बचाया जाए।
इस अवसर पर सरपंच अंजू उप सरपंच डॉक्टर सीता साहू सुमन पटेल आशा चौधरी अशोक साहू डॉ राजेश साहू ज्योति ज्योति कॉल किरण रैकवारआदि उपस्थित थे|