जबलपुर। जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया में पारदर्शिता व सूचिता बनी रहे| किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और बिचौलिये इसका फायदा न उठा सके, इन सब बातों के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम और उपार्जन समिति द्वारा गेहूं खरीदी केंद्रों का लगातार व्यापक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह खुद ही खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। गत गुरुवार की देर रात जबलपुर-कटंगी मार्ग पर गर्रेहा में शकुन वेयर हाउस स्थित खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे| यहां कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पाया कि इस केंद्र में किसानों द्वारा लाये गये गेहूं की सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है लिहाजा कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। दरअसल कलेक्टर राघवेंद्र सिंह गुरुवार की रात करीब 12 बजे अचानक खरीदी केंद्र कटंगी मार्ग पर गर्रेहा में शकुन वेयर हाउस का निरीक्षण करने पहुंचे थे। एसडीएम पाटन मानवेन्द्र सिंह भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण करने की सूचना मिलने मौके पर पहुंच गए थे। कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र परिसर में कुछ गेहूं के ढेर खुले में रखे दिखाई देने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। हालांकि यह गेहूँ किसानों द्वारा विक्रय करने उपार्जन केंद्र लाया गया था। उन्होंने मौके पर ही खरीदी केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश एसडीएम पाटन को दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने मौसम को देखते हुये किसानों से खरीदे गये गेहूँ के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिये। उन्होंने किसानों द्वारा उपार्जन केंद्र पर विक्रय करने लाए गये गेहूं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।